विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली और झारखंड का मैच चल रहा था। धोनी बैटिंग कर रहे थे। मैच एकतरफा दिल्ली की ओर जा रहा था, लेकिन धोनी उसे खींच रहे थे। वह अकेले कब तक खींचते? लेकिन दिल्ली उन्हें आउट नहीं कर पाई। ये तो थी बीते दिनों की बात लेकिन भारतीय टीम विश्व कप सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड के 240 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। शुरूआत में ही छह विकेट गंवाने के बाद रवींद्र जडेजा के आकर्षक पारी के बाद महेंद्र सिंह धोनी टीम को संकट से उबारने की कोशिश में लगे थे। इस दौरान महेंद्र सिंह धोनी दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से मार्टिन गुप्टिल के डायरेक्ट थ्रो पर रनआउट हो जाते हैं। धोनी के रन आउट होते ही भारत के विश्वकप जीतने की संभावनाएं भी खत्म हो जाती हैं। लेकिन क्रिकेट के मैदान पर कुछ ऐसा नजारा देखा गया जो अक्सर कम ही देखने को मिलता है। पवेलियन की ओर जाते हुए महेंद्र सिंह धोनी इमोशनल हो गए और उनके आंखों से आंसू निकल गए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मैच के बाद से ही यह कयास लगाए जाने लगे कि धोनी क्या क्रिकेट को अलविदा कह देंगे?
सब कुछ जीत लेने में और अंत तक हिम्मत न हारने में कोई अंतर नहीं, जिसकी मिसाल हैं धोनी
जिसके बाद से ही सोशल मीडिया पर धोनी के रिटायरमेंट नहीं लेने की अपील तमाम क्रिकेट प्रशंसकों की ओर से की जाने लगी। इस क्रम में फिल्मी जगत के कई नामचीन सितारों से लेकर देश-विदेश के क्रिकेटर और न्यूज चैनलों के एंकर भी शरीक हो गए। स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने महेंद्र सिंह धोनी के क्रिकेट से संन्यास की अफवाहों पर अपने ट्विटर एकाउंट से रिएक्ट करते हुए ट्वीट किया 'नमस्कार एम.एस. धोनी जी। आजकल मैं सुन रही हूं कि आप रिटायर होना चाहते हैं। कृपया आप ऐसा मत सोचिए। देश को आप के खेल की जरूरत है और ये मेरी भी रिक्वेस्ट है कि रिटायरमेंट का विचार भी आप मन में मत लाइए।'