सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षाओं के लिए अहम दिशा-निर्देश किए जारी, रिजल्ट के लिए आंतरिक ग्रेड अपलोड करना जरूरी

 नई दिल्ली।  केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बोर्ड परीक्षाओं के लिए अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। स्कूलों को 12वीं के विद्यार्थियों के आंतरिक ग्रेड हर हाल में सात फरवरी तक ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। यदि स्कूल ने छात्रों के आंतरिक ग्रेड अपलोड नहीं किए तो उनके परीक्षा परिणाम रोक लिए जाएंगे। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय के परीक्षा सेल द्वारा एक सकरुलर जारी किया गया है। इसमें सीबीएसई से संबद्ध सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के प्रमुखों को जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि ग्रेड केवल ऑनलाइन ही स्वीकार्य होगा। अगर स्कूल ऑफलाइन जमा करेंगे तो उसे स्वीकार्य नहीं किया जाएगा।



12वीं कक्षा के आंतरिक ग्रेड को अपलोड करने के लिए सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक 17 जनवरी से 7 फरवरी तक उपलब्ध होगा। एक बार ग्रेड अपलोड होने के बाद उसमें शुद्धिकरण स्वीकार्य नहीं होगा। इसलिए स्कूलों को बड़े ध्यान से ग्रेड अपलोड करने के लिए कहा गया है। सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक की ओर से सभी संबद्ध स्कूलों के प्रधानाचार्यो को जारी पत्र में कहा गया है कि ग्रेड अपलोड करने के लिए वही आइडी इस्तेमाल की जाएगी जो परीक्षार्थियों की सूची सबमिट करने के लिए प्रयोग की गई थी।