नई दिल्ली (एजेंसी)। निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी मरकज से निकाले गए दो लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसकी जानकारी गुरुवार को डिजिटल प्रेसवार्ता करके दी। उन्होंने बताया कि इन्हें मिलाकर अब चार मौत हो चुकी हैं। सीएम केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में कोरोना अभी तक नियंत्रण में है। इसे रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 29 केस विदेश से आए थे। मरकज से 2346 को निकाला गया था।
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में अब तक कोरोना के 219 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 108 लोग निजामुद्दीन स्थित तब्लीगी मरकज के लोग हैं। बता दें कि तब्लीगी मरकज से निकाले गए 108 लोग कोरोना से पीड़ित पाए गए । इसमें से 29 लोगों की रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई। इसके अलावा वहां से निकाले गए 483 संदिग्ध मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। इसके अलावा 1810 लोग सात क्वारंटाइन केंद्रों में रखे गए हैंस्वास्थ्य विभाग के अनुसार मरकज से कुल 2346 लोग निकाले गए हैंइनमें से 536 लोगों को अलग अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
सबसे अधिक लोकनायक, राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, एम्स के झज्जर स्थित राष्ट्रीय कैंसर संस्थान (एनसीआइ), जीटीबी, डीडीयू अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पहले 24 लोग पॉजिटिव पाए गए थे। बुधवार को यह संख्या बढ़कर 53 पहुंच गई। इनमें से छह मरीज एम्स, झज्जर में हैं। बाकी सभी मरीज राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती हैं।
जमात में शामिल 960 विदेशी नागरिकों का वीजा रद
गृह मंत्रालय ने निजामुद्दीन तब्लीगी जमात में शामिल विदेशी नगारिकों का पर्यटन वीजा रद्द कर दिया है। गृह मंत्रालय 960 विदेशी नागरिकों को ब्लैकलिस्ट में डालते हुए जमात से संबंधित गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर उनका पर्यटन वीजा रद्द करने का फैसला किया है। इसके अलावा गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस और अन्य राज्यों के डीजीपी को निर्देश दिया है कि वे इन विदेशी नागरिकों के खिलाफ विदेशी एक्ट 1946 और आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया है। सरकार पहले भी कह चुकी है कि इनमें से अधिकतर पर्टयन वीजा पर भारत आए हैं। ऐसे में ये किसी धार्मिक कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकते।क्योंकि इसके लिए दूसरा वीजा जारी किया जाता है। बता दें कि दक्षिणी दिल्ली स्थित निजामुद्दीन मरकज भारत के विभिन्न भागों में कोरोना वायरस फैलने का एक केंद्र बन गया है। अभी तक तबलीगी जमात से जुड़े लगभग 9000 लोगों की पहचान कर क्वारंटाइन किया जा चुका है। इनमें से 400 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्यों के हिसाब से आंकड़े भी दिए।